नई दिल्ली: केंद्रीय उद्योग और वाणिज्य मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ पैकेजिंग (आईआईपी) नई दिल्ली के ईरोज होटल में 12 से 14 मार्च 2026 को पैकेजिंग इंडस्ट्री के छठे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईएसपीआई) का आयोजन करेगा। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में नीति-निर्माता, उद्योग जगत के नेता, शोधकर्ता और दुनिया भर के विशेषज्ञ एक साथ जुटेंगे और पैकेजिंग क्षेत्र में तेजी से हो रहे इनोवेशन और टिकाऊ समाधानों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन आईआईपी के निदेशक आरके मिश्रा, आईआईपी के चेयरमैन पी.आर.बंतवाल, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और आईआईपी दिल्ली के चेयरमैन एन.एस सुंदररम सहित कई गणमान्य अतिथि करेंगे। 2026 में समिट की थीम “पैकेजिंग 5एस-एआई” रखी गई है। सम्मेलन में इंडस्ट्री के दिग्गज मंथन करेंगे कि पैकेजिंग को सुरक्षित, संरक्षित, मानकीकृत, स्मार्ट और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के साथ-साथ उसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल कैसे बढ़ाया जाए।
आईआईपी के निदेशक आर.के. मिश्रा ने कहा कि आज पैकेजिंग केवल सामान को रखने या सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं रह गई है। अब इसमें सुरक्षा, पर्यावरण की जिम्मेदारी, नई स्मार्ट तकनीक और उपभोक्ताओं का भरोसा भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने बताया कि ISPI-2026 में अलग-अलग तरह की पैकेजिंग सामग्री, आधुनिक पैकेजिंग मशीनों और नई तकनीकों म हो रहे बदलावों पर चर्चा की जाएगी। मशीनों में स्वचालन (ऑटोमेशन) का उपयोग बढ़ाकर उत्पादन बढ़ाने, कचरा कम करने और उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों को पूरा करने पर भी जोर दिया जाएगा। इससे भारत को उन्नत पैकेजिंग तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 50 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता अपने विचार रखेंगे। इसके अलावा छह तकनीकी सत्र, तीन पैनल चर्चा और दो उद्योग संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग, पैकेजिंग प्रणालियों में एआई और आधुनिक तकनीकों का उपयोग, स्मार्ट पैकेजिंग समाधान तथा खाद्य और दवा इंडस्ट्री के लिए उन्नत पैकेजिंग तकनीकों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
समिट के दौरान रिसर्च कॉन्क्लेव-2026 की भी शुरुआत की जाएगी, जहां दुनिया भर के वैज्ञानिक, शिक्षाविद और शोधकर्ता पैकेजिंग से जुड़ी नई खोजों और तकनीकी नवाचारों को प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में “वुमन इन पैकेजिंग” नाम से एक स्पेशल सेशन भी होगा, जिसमें पैकेजिंग इंडस्ट्री में महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसके अलावा पैक इनोवेशन स्टार्ट अप कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नए उद्यमी और स्टार्ट-अप पैकेजिंग के क्षेत्र में अपने नए विचार और तकनीक पेश करेंगे। इसी दौरान Bharat Packaging Exhibition भी शुरू होगी। इसमें पैकेजिंग बनाने वाली कंपनियां, तकनीकी संस्थान और इनोवेटर्स अपनी नई और आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के आखिरी दिन पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें पैकेजिंग क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों और संस्थानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस समिट में कंपनियां अपनी नई पैकेजिंग तकनीक दिखाएंगी। बेहतरीन काम करने वालों को सम्मान दिया जाएगा।
