न तो पेट्रोल की टेंशन, न ही EV की रेंज की चिंता! भारत में Hybrid Cars का नया दौर

न तो पेट्रोल की टेंशन, न ही EV की रेंज की चिंता! भारत में Hybrid Cars का नया दौर

अगले 2 साल में बाजार में आएंगी कई नई कारें, 18% GST ने बदला खेल

Maruti से Toyota तक की तैयारी तेज,   Fronx से Brezza तक में हाइब्रिड का तड़का!

GST कटौती से हाइब्रिड कारों की बल्ले-बल्ले! 43% से घटकर 18% हुआ टैक्स

भारत में छोटी और किफायती हाइब्रिड कारों का दौर तेज होने वाला है। Maruti Suzuki, Hyundai, Toyota और Renault समेत कई कंपनियां अगले 18-24 महीनों में करीब आधा दर्जन छोटी हाइब्रिड कारें लॉन्च करने की तैयारी में हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह कॉम्पैक्ट कारों पर 18% GST और 1 अप्रैल 2027 से लागू होने वाले CAFE 3 फ्यूल-एफिशिएंसी नियम हैं।

Maruti Suzuki एक किफायती हाइब्रिड सिस्टम तैयार कर रही है, जिसे Fronx, Baleno, Swift और Brezza जैसी छोटी कारों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें सबसे पहले एक मॉडल अगले साल बाजार में आने की उम्मीद है। वहीं Hyundai भारतीय बाजार के लिए एक छोटी हाइब्रिड कार तैयार कर रही है, जिसे मिड-2027 के आसपास लॉन्च किया जा सकता है।

Toyota भी पीछे नहीं है। कंपनी की भारतीय यूनिट Urban Cruiser Taisor का हाइब्रिड वर्जन लाने की योजना बना रही है। यह Maruti Suzuki Fronx के हाइब्रिड वर्जन के बाद बाजार में आ सकता है। दूसरी ओर Renault की ‘Bridger’ कॉन्सेप्ट पर आधारित सब-4 मीटर अर्बन SUV भी हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ अगले साल के आखिर में लॉन्च होने की उम्मीद है।

छोटी हाइब्रिड कारों की कीमतों को लेकर सबसे बड़ा फायदा टैक्स स्ट्रक्चर से मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन कॉम्पैक्ट हाइब्रिड वाहनों पर अब 18% टैक्स है, जबकि सितंबर 2025 में GST बदलाव से पहले यह प्रभावी दर करीब 43% थी। बड़े हाइब्रिड मॉडल आमतौर पर 4 मीटर से ज्यादा लंबे हैं और 40% GST स्लैब में आते हैं।

CAFE 3 के नए नियम 1 अप्रैल 2027 से लागू होंगे। इन नियमों में ज्यादा फ्यूल-एफिशिएंट तकनीकों को फायदा मिलता है। रिपोर्ट के मुताबिक प्लग-इन हाइब्रिड और फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड को 2.5 का सुपर क्रेडिट मल्टीप्लायर, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड को 1.6 और फ्लेक्स-फ्यूल एथेनॉल वाहनों को 1.1 का मल्टीप्लायर मिलता है।

पिछले वित्त वर्ष में सब-4 मीटर सेगमेंट की 27,93,303 यूनिट्स बिकीं, जो भारतीय कार बाजार का करीब 60% हिस्सा था। GST बदलाव के बाद भी इस सेगमेंट की बिक्री बड़ी कारों के मुकाबले तेजी से बढ़ी है।

Maruti की पैरेंट कंपनी Suzuki Motor Corporation भी कॉम्पैक्ट कारों के लिए कम लागत वाला हाइब्रिड सिस्टम विकसित कर रही है। कंपनी आगे इसे बाहरी चार्जिंग और उचित क्षमता वाली बैटरी के साथ ‘REEV Light’ के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। कम टैक्स, बेहतर माइलेज, CAFE 3 नियम और इलेक्ट्रिक वाहनों की रेंज संबंधी चिंता छोटी हाइब्रिड कारों को भारत के ऑटो बाजार में अगला बड़ा ट्रेंड बना सकते हैं।