भारतीय सड़कों के लिए तैयार होगा Piaggio का नया योद्धा, 2027 में एंट्री
Piaggio का मास्टर प्लान, भारतीय बाजार के लिए नया स्कूटर प्लेटफॉर्म तैयार
नई दिल्ली: इटली की मशहूर दोपहिया कंपनी Piaggio अब भारतीय स्कूटर बाजार में बड़ा खेल खेलने की तैयारी में है। कंपनी साल 2027 की पहली छमाही (H1 2027) में भारत के लिए खास तौर पर तैयार किया गया नया कम्यूटर स्कूटर लॉन्च करेगी। यह स्कूटर रेंज भारत में ही विकसित नए प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसका मुकाबला Honda Activa, TVS Jupiter और Suzuki Access जैसे लोकप्रिय मॉडलों से होगा।
Piaggio Vehicles के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर Diego Graffi ने बताया कि कंपनी एक नहीं बल्कि कई स्कूटर मॉडल लाने की तैयारी कर रही है। इन स्कूटरों में अलग-अलग फीचर्स और स्पेसिफिकेशन होंगे। कंपनी का लक्ष्य भारत के बड़े वॉल्यूम वाले स्कूटर बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करना है।
भारत में स्कूटर बाजार हर साल करीब 60 लाख यूनिट का है। अभी Piaggio मुख्य रूप से प्रीमियम सेगमेंट में Vespa और Aprilia ब्रांड के जरिए मौजूद है, लेकिन अब कंपनी आम ग्राहकों वाले कम्यूटर सेगमेंट में उतरने जा रही है। Graffi ने कहा कि नया स्कूटर पूरी तरह भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। हालांकि इसमें Piaggio की पहचान यानी इटालियन डिजाइन और प्रीमियम फील बरकरार रहेगी।
कंपनी इस स्कूटर के लिए नया इंडिया-स्पेसिफिक प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। Piaggio ने इसके लिए बड़ी संख्या में इंजीनियरों को जोड़ा है और अपने रिसर्च एवं डेवलपमेंट सेंटर का विस्तार किया है। महाराष्ट्र के बारामती प्लांट में नए स्कूटरों के उत्पादन के लिए पर्याप्त क्षमता मौजूद है। भविष्य में भारत में बने इन स्कूटरों को दूसरे देशों में भी एक्सपोर्ट किया जा सकता है।
Piaggio मानती है कि भारतीय बाजार में सफलता के लिए कीमत बेहद अहम होगी। कंपनी अपने सप्लायर नेटवर्क का इस्तेमाल करके लागत कम रखने की कोशिश करेगी।
Piaggio के ग्लोबल CEO Michele Colaninno का कहना है कि कंपनी ने भारत के मास मार्केट से दूरी बनाई थी, लेकिन अब समय बदल गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी को भारत के बड़े टू-व्हीलर बाजार में नई रणनीति के साथ उतरना होगा।
कंपनी ने साफ किया है कि नए कम्यूटर स्कूटर आने का मतलब Vespa और Aprilia की प्रीमियम पहचान खत्म करना नहीं है। Piaggio दोनों सेगमेंट में अलग-अलग रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी। कंपनी की योजना भारत को सिर्फ बिक्री बाजार नहीं बल्कि उत्पादन केंद्र बनाने की भी है। आने वाले समय में भारत से Africa जैसे बाजारों में भी नए स्कूटर भेजे जा सकते हैं।
Piaggio अब सिर्फ महंगे Vespa स्कूटर की कंपनी नहीं रहना चाहती, बल्कि भारतीय ग्राहकों की रोजमर्रा की सवारी में अपनी जगह बनाने की तैयारी कर रही है।
