पीएम मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री ताकाइची संग किया मारुति के मेगा प्लांट का उद्घाटन
पीएम के “मेक इन इंडिया” विजन को नई उड़ान, सोनीपत के खरखौदा प्लांट में हर साल बनेंगी 10 लाख कारें
भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए 2 जुलाई 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया। प्रधानमंत्री Narendra Modi और जापान की प्रधानमंत्री Sanae Takaichi ने हरियाणा के खरखौदा में Maruti Suzuki के चौथे और अत्याधुनिक वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर भारत-जापान की आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में बनने वाली Suzuki Motor Corporation की हर तीन में से दो कारें भारत में बन रही हैं और 100 से ज्यादा देशों में निर्यात की जा रही हैं। वहीं सुजुकी मोटर के चेयरमैन Toshihiro Suzuki ने ऐलान किया कि खरखौदा प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 10 लाख वाहन सालाना की जाएगी।
भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच के दौरान आयोजित इस समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब केवल दुनिया का बड़ा ऑटो बाजार नहीं, बल्कि वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब भी बन चुका है। करीब 35,000 करोड़ रुपये के कुल निवेश वाले इस मेगा प्रोजेक्ट से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे, निर्यात को नई रफ्तार मिलेगी और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को वैश्विक पहचान मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज Suzuki Motor Corporation के वैश्विक उत्पादन का लगभग दो-तिहाई हिस्सा भारत में तैयार हो रहा है। भारत में बनी सुजुकी कारें 100 से अधिक देशों में निर्यात की जा रही हैं। सिर्फ कारें ही नहीं, बल्कि जापानी कंपनियों की मोटरसाइकिल, एयर कंडीशनर, पावर ग्रिड उपकरण, प्रिसिजन इंजीनियरिंग और मेडिकल टेक्नोलॉजी के उत्पाद भी भारत से दुनिया भर में भेजे जा रहे हैं।
Toshihiro Suzuki ने घोषणा की कि हरियाणा में सोनीपत के खरखौदा प्लांट की उत्पादन क्षमता मौजूदा 5 लाख यूनिट से बढ़ाकर 10 लाख वाहन प्रति वर्ष की जाएगी। खरखौदा परियोजना में कुल 35,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यह निवेश भारत में ऑटोमोबाइल निर्माण, अत्याधुनिक तकनीक, सप्लाई चेन और स्थानीय उद्योगों को नई मजबूती देगा। इससे हरियाणा देश के सबसे बड़े ऑटो मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के रूप में और मजबूत होगा।
खरखौदा संयंत्र का पहला चरण फरवरी 2025 में शुरू हुआ था, जिसकी शुरुआती उत्पादन क्षमता 2.5 लाख वाहन सालाना थी। इस परियोजना की आधारशिला अगस्त 2022 में प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से रखी थी। मोदी ने कहा कि खरखौदा का यह मेगा प्लांट केवल एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि भारत की औद्योगिक ताकत, वैश्विक भरोसे और ‘मेक इन इंडिया’ की बढ़ती सफलता का प्रतीक बनकर सामने आया है।
