Maruti की नई Baleno facelift 6.10 लाख रुपये में लॉन्च, फीचर्स का फुल पैकेज

Maruti की नई Baleno facelift 6.10 लाख रुपये में लॉन्च, फीचर्स का फुल पैकेज

• Baleno में टेक्नोलॉजी का तड़का, CNG भी अब ऑटोमैटिक, स्मार्ट ड्राइविंग का भी इंतजाम

• बजट में शानदार कीमत, नेक्सट लेवल के फीचर्स


Maruti Suzuki ने अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक Baleno facelift को 6.10 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च कर दिया है। नए मॉडल में कंपनी ने डिजाइन से ज्यादा सेफ्टी और फीचर्स पर जोर दिया है। कंपनी ने कार की कीमत को प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में रखते हुए इसमें कई ऐसे फीचर्स जोड़े हैं, जो अब तक इस कार में नहीं थे।
नई Baleno की सबसे अहम खासियत इसका Level-2 ADAS है। ADAS Advanced Driver Assistance System ऐसी तकनीक है, जो ड्राइविंग के दौरान ड्राइवर को अलग-अलग परिस्थितियों में सहायता करती है। Adaptive Cruise Control आगे चल रही गाड़ी के हिसाब से कार की रफ्तार को एडजस्ट करने में मदद करता है। Lane Keep Assist कार को अपनी लेन में बनाए रखने में सहायता करता है। अगर कार लेन से बाहर जाने लगे तो Lane Departure Warning ड्राइवर को चेतावनी देता है। वहीं Forward Collision Warning सामने टक्कर की आशंका होने पर अलर्ट करता है। इसमें Lane Departure Prevention और High Beam Assist जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
ADAS के अलावा नई Baleno में 6 एयरबैग दिए गए हैं। इसके साथ 360 डिग्री कैमरा और TPMS जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। 360 डिग्री कैमरा पार्किंग या तंग जगहों पर कार के आसपास का दृश्य समझने में मदद करता है, जबकि TPMS टायरों में हवा के दबाव की जानकारी देता है। कार में फ्रंट वेंटिलेटेड सीटें भी दी गई हैं। गर्म मौसम में सीट पर बैठना ज्यादा आरामदायक हो सकता है। हेड-अप डिस्प्ले और वायरलेस चार्जर भी मिलते हैं।
नई Baleno में 1.2 लीटर Z-Series पेट्रोल इंजन लगाया गया है। यही इंजन Swift और Dzire में भी इस्तेमाल किया जाता है। ग्राहक इसे मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ ले सकेंगे।
CNG ग्राहकों के लिए भी कंपनी ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नई Baleno के CNG मॉडल में अब ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिलेगा। यानी ग्राहक CNG की अर्थव्यवस्था और ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा को एक साथ चुन सकेंगे।
नई Baleno में नए डिजाइन के प्रोजेक्टर LED हेडलैंप और DRLs, नया ग्रिल और नया बंपर दिया गया है। पीछे शार्क-फिन एंटीना और साइड में नए डिजाइन के 16-इंच अलॉय व्हील मिलते हैं।
नई Baleno के केबिन को ब्लू और ब्लैक डुअल-टोन थीम में रखा गया है। डैशबोर्ड का डिजाइन काफी हद तक मौजूदा मॉडल जैसा है। इसमें फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट स्क्रीन, फिजिकल कंट्रोल बटन और स्टीयरिंग पर माउंटेड कंट्रोल दिए गए हैं।