अमरावती: देश की मशहूर मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी Royal Enfield ने आंध्र प्रदेश में निर्माण संयंत्र बनाने का ऐलान कर दिया है। साल 1901 में शुरुआत के बाद यह पहला बड़ा मौका होगा जब कंपनी तमिलनाडु के बाहर इतना विशाल मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट स्थापित करेगी।
आंध्र प्रदेश-तमिलनाडु सीमा के पास कंपनी तिरुपति जिले के सत्यवेदु क्षेत्र में दो चरणों में लगभग 2,200 करोड़ का निवेश करेगी। यहां अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बनाई जाएगी, जिससे रॉयल एनफील्ड की उत्पादन क्षमता में करीब 9 लाख यूनिट का इजाफा होगा। भारत को प्रीमियम मोटरसाइकिल निर्माण के ग्लोबल हब के रूप में और मजबूती मिलेगी। इस प्रोजेक्ट को आंध्र प्रदेश स्टेट इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (SIPB) ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री N. Chandrababu Naidu की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना पर मुहर लगी।
सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए सत्यवेदु मंडल के वनल्लूरु और रल्लाकुप्पम गांवों में कुल 267 एकड़ जमीन आवंटित की है। इसमें वनल्लूरु में 233.76 एकड़ और रल्लाकुप्पम में 42.38 एकड़ भूमि शामिल है। यह प्लांट भारत में Royal Enfield का दूसरा बड़ा मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन होगा और इससे करीब 5,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सिर्फ मैन्युफैक्चरिंग यूनिट ही नहीं, बल्कि पहले चरण में एक समर्पित वेंडर पार्क भी विकसित किया जाएगा। इससे कंपनी के सप्लायर नेटवर्क को आंध्र प्रदेश में लाने में मदद मिलेगी और राज्य में विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तैयार होगा। परियोजना का पहला चरण 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि दूसरा चरण 2032 तक पूरा होने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश सरकार में शिक्षा, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि Royal Enfield सिर्फ एक मोटरसाइकिल ब्रांड नहीं, बल्कि विरासत, बेहतरीन कारीगरी और भरोसेमंद गुणवत्ता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कंपनी का यह निवेश आंध्र प्रदेश की मजबूत औद्योगिक नीतियों, तेज़ी से कारोबार करने की सुविधा और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर भरोसे का बड़ा प्रमाण है। सरकार का मानना है कि इस प्रोजेक्ट से दक्षिणी आंध्र प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी। साथ ही मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी।
