बुकिंग 28 जुलाई से शुरू, अगस्त में मिलेगी डिलिवरी
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भारत में अपनी पॉपुलर लाइफस्टाइल पिकअप Toyota Hilux का नया अवतार लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने नई 9वीं जेनरेशन Hilux को कई बड़े अपडेट के साथ बाजार में उतारा है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹31.99 लाख रखी गई है। पहली बार कंपनी ने इसमें 4×2 ऑटोमैटिक वेरिएंट भी शामिल किया है, जिससे ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बनाने की कोशिश की गई है।
नई Toyota Hilux की बुकिंग 28 जुलाई से शुरू हो गई है, जबकि ग्राहकों को इसकी डिलीवरी अगस्त के दूसरे सप्ताह से मिलनी शुरू होगी। कंपनी ने इसे उन ग्राहकों के लिए पेश किया है जो प्रीमियम एसयूवी जैसी सुविधा के साथ दमदार ऑफ-रोड क्षमता वाली गाड़ी चाहते हैं।
नई Hilux को तीन ऑटोमैटिक वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इनमें 4×2 GX की कीमत ₹31.99 लाख, 4×4 GX की कीमत ₹33.69 लाख और टॉप मॉडल 4×4 VX की कीमत ₹36.69 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। नई Hilux को टोयोटा के IMV प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसके डिजाइन में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। कंपनी ने इसमें नया “Cyber Sumo” डिजाइन लैंग्वेज दिया है। इसमें चौड़ी फ्रंट ग्रिल, नया स्कल्प्टेड बोनट, अपडेटेड फ्रंट बंपर, LED लाइटिंग और नए अलॉय व्हील्स शामिल हैं।
नई Hilux में पहले वाला दमदार 2.8-लीटर BS6 Phase-2 डीजल इंजन बरकरार रखा गया है। यह इंजन 204 PS की पावर और 500 Nm का जबरदस्त टॉर्क पैदा करता है। इसे 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। इसमें 80 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक मिलता है। ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए Hilux में 4×4 सिस्टम दिया गया है, जिसमें High Range (H4) और Low Range (L4) मोड मिलते हैं।
केबिन में भी नई Hilux पहले से ज्यादा प्रीमियम हो गई है। इसमें सॉफ्ट टच मैटेरियल, मेटैलिक फिनिश, अपडेटेड डैशबोर्ड और ज्यादा आरामदायक सीटिंग दी गई है। पीछे की सीटों में 60:40 स्प्लिट फोल्डिंग फीचर मिलता है।
फीचर्स की लंबी लिस्ट में 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, Toyota i-Connect कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, 7 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वॉयस कमांड और 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम शामिल हैं।
इसके अलावा नई Hilux में वायरलेस चार्जिंग, क्रूज कंट्रोल, PM2.5 एयर फिल्टर, स्मार्ट एंट्री, पुश-बटन स्टार्ट और कई ड्राइविंग मोड जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
नई Hilux को छह एक्सटीरियर कलर ऑप्शन में पेश किया गया है, जिसमें नया Sulphur Metallic और Ash कलर भी शामिल है। ग्राहक इसे टोयोटा के जेन्युइन एक्सेसरीज के साथ अपनी जरूरत के अनुसार कस्टमाइज भी कर सकेंगे।
नई Toyota Hilux ऐसे समय में आई है जब भारत में लाइफस्टाइल पिकअप और प्रीमियम ऑफ-रोड वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। दमदार इंजन, बेहतर टेक्नोलॉजी और नए फीचर्स के साथ Hilux अब भारतीय बाजार में और मजबूत चुनौती पेश करने के लिए तैयार है।
