BYD की इलेक्ट्रिक कारें महंगी, 27.90 लाख रुपये में eMAX 7 Comfort लॉन्च

BYD की इलेक्ट्रिक कारें महंगी, 27.90 लाख रुपये में eMAX 7 Comfort लॉन्च

नई दिल्ली। इंडिया के इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मार्केट में अपनी मजबूत मौजूदगी रखने वाली BYD इंडिया ने अपने इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो के चुनिंदा वेरिएंट्स की कीमतों में 50,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई एक्स-शोरूम कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं। कंपनी ने BYD eMAX 7 Comfort का नया वेरिएंट भी लॉन्च कर दिया है, जिसकी शुरुआती कीमत 27.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कीमतों में किया गया यह संशोधन BYD ATTO 3, BYD SEALION 7 और BYD SEAL के चुनिंदा वेरिएंट्स पर लागू होगा। BYD eMAX 7 के अन्य वेरिएंट्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी का कहना है कि बढ़ती उत्पादन लागत, महंगाई, नेटवर्क विस्तार और नई तकनीकों में लगातार हो रहे निवेश के कारण यह फैसला लिया गया है।

नई BYD eMAX 7 Comfort में 71.8 kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो बेहतर ड्राइविंग रेंज और दमदार प्रदर्शन का वादा करती है। कंपनी का लक्ष्य उन ग्राहकों को आकर्षित करना है जो प्रीमियम फीचर्स के साथ फैमिली इलेक्ट्रिक MPV की तलाश में हैं। BYD इंडिया के इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल बिजनेस प्रमुख राजीव चौहान ने कहा कि कंपनी लगातार नई तकनीक, बेहतर ग्राहक अनुभव और डीलर नेटवर्क के विस्तार में निवेश कर रही है। BYD का फोकस भारतीय ग्राहकों को अत्याधुनिक, सुरक्षित, टिकाऊ और हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधान उपलब्ध कराना है।

BYD की इलेक्ट्रिक कारों में कंपनी की Blade Battery, Cell-to-Body (CTB) आर्किटेक्चर और Intelligence Torque Adaptation Control (iTAC) जैसी अत्याधुनिक तकनीकें मिलती हैं। हाल ही में कंपनी अपनी DM-i (Dual Mode Intelligent) प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक भी भारतीय बाजार में पेश की है, जिससे वह अब हाइब्रिड पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में भी कदम रख चुकी है। भारत में BYD लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है। फिलहाल कंपनी 40 शहरों में 48 शोरूम के जरिए ग्राहकों को सेवाएं दे रही है, जिससे डिलीवरी और आफ्टर-सेल्स सर्विस को और बेहतर बनाया जा रहा है।

ग्लोबल लेवल पर भी BYD का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। कंपनी अब तक 1.65 करोड़ (16.5 मिलियन) से अधिक न्यू एनर्जी व्हीकल बेच चुकी है। इन वाहनों के उपयोग से 144 अरब किलोग्राम से अधिक CO₂ उत्सर्जन कम होने का दावा किया गया है, जो लगभग 2.41 अरब पेड़ों द्वारा अवशोषित कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर है। कंपनी की Blade Battery तकनीक को दुनिया की सबसे सुरक्षित और उन्नत EV बैटरी तकनीकों में शामिल किया जाता है।