रिलायंस का 1600 करोड़ का निवेश, मिलेंगी 200 नौकरियां
• 12 महीने में रॉकेट की रफ्तार से बना एशिया का सबसे बड़ा पेय कारखाना
1200 लोगों को आंध्र के प्लांट में मिलेगी नौकरी
• कैंपा कोला से लेकर जूस और पैकेज्ड वाटर का होगा उत्पादन
नई दिल्ली। देश के पेय पदार्थ बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में रिलायंस ने बड़ा कदम उठाया है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के ओर्वाकल में एशिया का सबसे बड़ा बेवरेज प्लांट शुरू किया है। कंपनी ने इस विशाल उत्पादन केंद्र को आधारशिला रखे जाने के महज 12 महीने के भीतर तैयार कर चालू कर दिया। यहां कैंपा कोला, फ्रूट जूस और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का उत्पादन किया जाएगा। इस प्लांट के जरिए रिलायंस अपने लोकप्रिय कैंपा ब्रांड को नई ताकत देने के साथ देशभर में कारोबार का विस्तार करने की तैयारी में है।
ओर्वाकल में स्थापित इस प्लांट की आधारशिला नवंबर 2025 में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में रखी गई थी। इतने बड़े प्रोजेक्ट को एक साल से भी कम समय में उत्पादन के लिए तैयार करना कंपनी की निर्माण और परियोजना क्रियान्वयन क्षमता को दर्शाता है। राज्य सरकार भी इस परियोजना को निवेश को तेजी से जमीन पर उतारने की अपनी नीति की बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रही है। इस प्लांट में कैंपा कोला के अलावा फ्रूट जूस और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर तैयार किया जाएगा। कैंपा भारतीय बाजार का पुराना और लोकप्रिय पेय ब्रांड रहा है। रिलायंस इसे दोबारा बड़े स्तर पर स्थापित करने की कोशिश कर रही है। नए प्लांट से उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ कंपनी को सप्लाई नेटवर्क मजबूत करने और बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पेय पदार्थों के बाजार में पहले से कई बड़े ब्रांड मौजूद हैं। ऐसे में रिलायंस की कोशिश अपनी कीमत, वितरण नेटवर्क और घरेलू ब्रांड की पहचान के दम पर ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने की होगी।
इस परियोजना से करीब 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग, सप्लाई चेन, कृषि और स्थानीय कारोबार से जुड़े क्षेत्रों में भी अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
स्थानीय युवाओं के लिए यह प्लांट अपने क्षेत्र में नौकरी और करियर बनाने का अवसर लेकर आया है। इससे आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने और छोटे कारोबारों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
रिलायंस की योजना इस प्लांट में तैयार उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात करने की है। बड़े उत्पादन केंद्र के जरिए कंपनी सप्लाई को बेहतर ढंग से व्यवस्थित कर सकती है और अपने ब्रांड की पहुंच बढ़ा सकती है। ओर्वाकल प्लांट को रेयालसीमा क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। परियोजना से निवेश, रोजगार और स्थानीय कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
