• ओहायो में बनेगा हाइब्रिड कारों का विशाल प्लांट, 2029 से दौड़ेंगी Honda की नई हाइब्रिड कारें, सालाना बनेंगी 2.40 लाख गाड़ियां
अमेरिका में 3 अरब डॉलर से बदलेगी ऑटो बाजार की तस्वीर
Honda ने खोला खजाना! अमेरिका और कनाडा में अरबों डॉलर लगाएगी कंपनी
• 2030 तक 15 नए हाइब्रिड मॉडल लाएगी Honda, उत्पादन क्षमता में भी होगा इजाफा
जापान की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Honda Motor ने अमेरिकी ऑटोमोबाइल बाजार में बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने अमेरिका के ओहायो में नया वाहन निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 3 अरब डॉलर (करीब 27,000 करोड़ रुपये) के निवेश का ऐलान किया है। इस अत्याधुनिक प्लांट में हाइब्रिड कारों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से करीब 2,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
Honda की योजना के मुताबिक, नए संयंत्र में वर्ष 2029 से उत्पादन शुरू हो सकता है। इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 2.40 लाख वाहन होगी। इस निवेश के साथ कंपनी अमेरिका में अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 13 लाख वाहन सालाना करना चाहती है। वहीं, पूरे उत्तरी अमेरिका में Honda की उत्पादन क्षमता बढ़कर 19 लाख वाहन सालाना हो जाएगी।
Honda का यह निवेश ऐसे समय में आया है, जब दुनियाभर का ऑटोमोबाइल उद्योग इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों के बीच अपनी रणनीति को नए सिरे से तैयार कर रहा है। कंपनी ने मई में 2030 तक दुनियाभर में Honda और Acura ब्रांड के 15 नए हाइब्रिड मॉडल पेश करने की योजना का खुलासा किया था।
कंपनी अब हाइब्रिड तकनीक को अपने भविष्य के कारोबार का अहम हिस्सा बना रही है। हाइब्रिड वाहन पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों की मदद से चलते हैं। इससे पारंपरिक पेट्रोल कारों के मुकाबले बेहतर ईंधन दक्षता मिल सकती है।
Honda सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि कनाडा में भी अपनी विनिर्माण क्षमता को मजबूत कर रही है। कंपनी कनाडा में कुल 867 मिलियन कनाडाई डॉलर (करीब 613.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर) निवेश करने की प्रतिबद्धता जता चुकी है। इसमें ओंटारियो के एलिस्टन प्लांट में 166 मिलियन कनाडाई डॉलर का निवेश शामिल है।
कनाडा सरकार भी एलिस्टन परियोजना के लिए 313 मिलियन कनाडाई डॉलर का निवेश कर रही है। कंपनी ने कनाडा में अपने करीब 4,000 कर्मचारियों की मौजूदा संख्या बनाए रखने की बात कही है।
Honda अमेरिका के अलबामा में नया V6 हाइब्रिड इंजन बनाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा ओहायो स्थित इंजन प्लांट को नए चार सिलेंडर इंजन के उत्पादन के लिए तैयार किया जाएगा।
कंपनी ओहायो और जॉर्जिया में अपने ट्रांसमिशन संयंत्रों को भी नए सिरे से तैयार करेगी। इतना ही नहीं, ओंटारियो में इंजन उत्पादन दोबारा शुरू करने की योजना भी बनाई गई है। ओहायो में इसके अलावा 338 मिलियन डॉलर का अतिरिक्त निवेश भी प्रस्तावित है।
पिछले महीने जर्मनी की Volkswagen की लग्जरी कार कंपनी Audi ने भी जॉर्जिया में 4 अरब डॉलर के निवेश से नया कारखाना बनाने की घोषणा की थी।
