MADE IN INDIA ई-बस का मॉरीशस में धमाल, SWITCH EiV12 ने जीता दिल

MADE IN INDIA ई-बस का मॉरीशस में धमाल, SWITCH EiV12 ने जीता दिल

• SWITCH Mobility की 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बस का ग्लोबल जलवा
• एक चार्ज में 300 KM दौड़ेगी वाली SWITCH EiV12
• मॉरीशस को 100 बसों की सप्लाई के बाद फिर चमकी SWITCH Mobility

भारत में बनी इलेक्ट्रिक बसें अब दुनिया में भी अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में SWITCH Mobility ने मॉरीशस में आयोजित बेस्ट ऑफ भारत एंड मॉरीशस एक्सपो 2026 में अपनी फ्लैगशिप 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बस SWITCH EiV12 का अंतरराष्ट्रीय संस्करण प्रदर्शित किया। इस बस पर खास अंतरराष्ट्रीय डिज़ाइन (डेकल) लगाया गया था, जो कंपनी की वैश्विक बाजार में बढ़ती मौजूदगी को दर्शाता है।

यह एक्सपो 17 से 21 जून 2026 तक आयोजित की गई, जहां भारत की आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक को दुनिया के सामने पेश किया गया। SWITCH Mobility हिंदुजा ग्रुप की कंपनी है और इलेक्ट्रिक बसों व हल्के वाणिज्यिक वाहनों का निर्माण करती है।

मॉरीशस SWITCH Mobility के लिए एक अहम बाजार बन चुका है। इसी साल कंपनी ने मॉरीशस सरकार को 100 इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति पूरी की है। यह भारत से किसी दूसरे देश को भेजी गई अब तक की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक बसों की खेप है। इनमें से ज्यादातर बसें वहां की नेशनल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NTC) के बेड़े में शामिल होकर सड़कों पर चल रही हैं। एक्सपो के जरिए कंपनी ने स्थानीय भागीदारों और ग्राहकों के साथ अपने संबंध और मजबूत करने की कोशिश की।

प्रदर्शित की गई SWITCH EiV12 बस को यात्रियों की सुविधा और ऑपरेटरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 48 आरामदायक सीटें दी गई हैं। बस में 235 किलोवाट क्षमता की परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस एसी मोटर लगी है। इसमें इस्तेमाल की गई एलएफपी (लिथियम आयरन फॉस्फेट) बैटरी गर्म और कठिन मौसम में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार की गई है।

यह बस CCS-2 डीसी फास्ट चार्जिंग सिस्टम को सपोर्ट करती है और ड्यूल गन फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी देती है, जिससे बस कम समय में चार्ज होकर दोबारा सेवा में उतर सकती है। अलग-अलग बैटरी विकल्पों के साथ यह बस एक बार चार्ज होने पर करीब 300 किलोमीटर तक चल सकती है।

बस में फर्श के नीचे बैटरी लगाने से इसका संतुलन बेहतर रहता है। आगे और पीछे एयर सस्पेंशन दिए गए हैं, जिससे खराब सड़कों पर भी सफर आरामदायक बनता है। सुरक्षा के लिए इसमें फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम (FDSS) लगाया गया है। इसके अलावा कंपनी का स्मार्ट कनेक्टेड प्लेटफॉर्म SWITCH iON रियल-टाइम वाहन निगरानी, रिमोट डायग्नोस्टिक्स, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस और फ्लीट मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं देता है।

SWITCH Mobility का कहना है कि यह इलेक्ट्रिक बस भारत की आधुनिक तकनीक, सुरक्षित परिवहन और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कंपनी का लक्ष्य दुनिया के अलग-अलग देशों में भारतीय इलेक्ट्रिक वाहनों की मजबूत पहचान बनाना और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है।