डीजल ट्रकों को टक्कर देने उतरी TVS VMS, 300+ इलेक्ट्रिक ट्रक दौड़ाने की तैयारी

डीजल ट्रकों को टक्कर देने उतरी TVS VMS, 300+ इलेक्ट्रिक ट्रक दौड़ाने की तैयारी

• 55 टन का इलेक्ट्रिक ट्रक, 198 किमी रेंज और 6 मिनट में बैटरी स्वैप
• एक घंटे में फुल चार्ज या 6 मिनट में बैटरी बदलो
• 190 किमी के फ्रेट कॉरिडोर से शुरू हुआ इलेक्ट्रिक ट्रक मिशन,

नई दिल्ली। देश के लॉजिस्टिक्स सेक्टर में इलेक्ट्रिक ट्रकों की एंट्री अब बड़े पैमाने पर होने जा रही है। TVS Vehicle Mobility Solutions (TVS VMS) ने Montra Electric के साथ मिलकर वित्त वर्ष 2026-27 में 300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक हैवी ट्रक तैनात करने का लक्ष्य रखा है। इसकी शुरुआत 57 इलेक्ट्रिक ट्रकों के साथ हो चुकी है। ये ट्रक छत्तीसगढ़ के 190 किलोमीटर लंबे फ्रेट कॉरिडोर पर चलेंगे। इनके लिए तीन अलग-अलग चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं।
TVS VMS करीब सात दशक से ज्यादा समय से डीजल वाहनों के जरिए लॉजिस्टिक्स कारोबार कर रही है। अब कंपनी ने पहली बार बड़े स्तर पर इलेक्ट्रिक ट्रकिंग में कदम रखा है। कंपनियों का दावा है कि इससे डीजल की खपत और कार्बन उत्सर्जन घटेगा और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों का वाहन चलाने का खर्च भी कम हो सकता है। पहले चरण में TVS VMS ने Montra Rhino 5538 EV 4×2 TT के 57 इलेक्ट्रिक हैवी ट्रक अपने बेड़े में शामिल किए हैं। ये ट्रक छत्तीसगढ़ में तय 190 किलोमीटर के रूट पर माल ढुलाई करेंगे। इस रूट पर तीन चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं।
Montra Rhino 5538 EV का ग्रॉस कॉम्बिनेशन वेट 55 टन है। इसे लंबी दूरी की माल ढुलाई को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 282 kWh की LFP बैटरी दी गई है। इलेक्ट्रिक मोटर 280 kW की अधिकतम पावर और 2,000 Nm का टॉर्क देती है। ट्रक एक बार चार्ज होने पर 198 किलोमीटर तक की टेस्टेड ऑपरेटिंग रेंज दे सकता है> फिक्स्ड बैटरी वर्जन में बैटरी को 20 से 100 फीसदी तक करीब 60 मिनट में फास्ट चार्ज किया जा सकता है। वहीं बैटरी-स्वैप वर्जन में पूरी बैटरी बदलने में छह मिनट से भी कम समय लगता है। इससे लंबे समय तक चलने वाले ट्रकों के लिए चार्जिंग में लगने वाला इंतजार काफी कम किया जा सकता है।
TVS VMS और Montra Electric ने वित्त वर्ष 2026-27 में 300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने की योजना बनाई है। अगर यह योजना सफल रहती है तो भारतीय लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भारी इलेक्ट्रिक ट्रकों के इस्तेमाल को बड़ा बढ़ावा मिल सकता है।
कंपनियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक ट्रकों के इस्तेमाल से डीजल की खपत कम होगी, प्रदूषण घटेगा। TVS VMS सिर्फ इलेक्ट्रिक ट्रक उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी के मॉडल में वाहन लीजिंग, ड्राइवर ऑपरेशन, मेंटेनेंस, इंश्योरेंस, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टेड टेलीमैटिक्स जैसी सेवाओं को एक साथ जोड़ा गया है। 57 ट्रकों से शुरू हुआ यह प्रयोग FY27 में 300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक ट्रकों तक पहुंचाने की तैयारी है।