इलेक्ट्रिक और न्यू एनर्जी कार बाजार में JSW Motors की दस्तक की तैयारी
• JSW Motors ने पेश किया नया शानदार लोगो, लॉन्चिंग की तैयारी तेज
• महाराष्ट्र में बनेगी JSW Motors की गाड़ियां, अपना डीलरशिप नेटवर्क भी होगा अलग
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक नया खिलाड़ी अपनी दमदार एंट्री की तैयारी कर रहा है। जेएसडब्ल्यू ग्रुप की नई ऊर्जा यात्री वाहन कंपनी JSW Motors Limited ने अपने ब्रैंड की पहचान और आधिकारिक लोगो से पर्दा उठा दिया है। कंपनी की यह पहल भारतीय कार बाजार में उसकी शुरुआत का महत्वपूर्ण संकेत है। अब सबकी निगाहें 3 दिसंबर पर टिकी हैं, जब कंपनी पहली बार अपने नए प्रोडक्ट से पर्दा उठाएगी।
कंपनी ने अपनी नई ब्रैंड पहचान को एक विशेष फिल्म के माध्यम से पेश किया है। यह लोगो भविष्य में JSW Motors की प्रत्येक गाड़ी पर बैज के रूप में नजर आएगा। साथ ही, शोरूम से लेकर ग्राहकों के साथ कंपनी के हर संपर्क माध्यम पर इसी पहचान का इस्तेमाल किया जाएगा।
JSW Motors का नया लोगो भारत की विविधता में एकता की भावना से प्रेरित है। इसमें दो केंद्रों को एक निरंतर अंडाकार आकृति के माध्यम से जोड़ा गया है। ये दोनों केंद्र परंपरा और प्रगति के साथ-साथ इंसान और तकनीक के बीच तालमेल को दर्शाते हैं।
लोगो की बनावट में गति और आगे बढ़ने का संदेश भी छिपा है। इसकी घुमावदार आकृति चलते हुए पहिये की याद दिलाती है। वहीं, ऊपर की ओर बढ़ती दो आकृतियां प्रगति, विकास और सामूहिक उन्नति का प्रतीक हैं। कंपनी का मानना है कि यह पहचान उसकी सोच, तकनीकी दृष्टिकोण और भविष्य की योजनाओं को सामने रखती है।
JSW Motors खुद को एक स्वतंत्र ऑटोमोबाइल ब्रांड के रूप में स्थापित करेगी। कंपनी की गाड़ियों का निर्माण महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में स्थित नए ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में किया जाएगा। खास बात यह है कि कंपनी अपने वाहनों की बिक्री के लिए अलग डीलरशिप नेटवर्क तैयार करेगी।
कंपनी ने घोषणा की है कि उसका नया लोगो 3 दिसंबर को पेश होने वाले पहले वाहन पर नजर आएगा। यह लॉन्च भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में JSW Motors की वास्तविक शुरुआत का संकेत होगा। कंपनी ने संभावित ग्राहकों के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू कर दी है। इच्छुक ग्राहक www.jswmotors.com पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
