• ज्यादा लेगरूम स्पेस के साथ आएगी लग्जरी एसयूवी, पीछे बैठने वाले को मिलेगा ज्यादा आराम
• BMW X1 LWB में मिलेगा 108mm ज्यादा लंबा व्हीलबेस
• भारत में ही असेंबल होगी BMW X1 LWB, कंपनी के चेन्नई प्लांट में बनाई जाएगी
नई दिल्ली। लग्जरी SUV खरीदने वालों के लिए BMW ने बड़ा दांव चला है। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय X1 SUV के Long Wheelbase यानी LWB मॉडल की बुकिंग शुरू कर दी है। नई BMW X1 LWB को भारत में 21 अगस्त 2026 को लॉन्च किया जाएगा और इसी दिन इसकी कीमतों का ऐलान होगा। ग्राहक इसे BMW की अधिकृत डीलरशिप या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए बुक कर सकते हैं।
108mm ज्यादा लंबा होगा व्हीलबेस
नई X1 LWB की सबसे बड़ी खासियत इसका लंबा व्हीलबेस है। स्टैंडर्ड BMW X1 में 2,692mm का व्हीलबेस मिलता है, जबकि नए LWB मॉडल का व्हीलबेस 108mm ज्यादा होगा। इसका सीधा फायदा पीछे बैठने वाले यात्रियों को मिलेगा। खासकर लेगरूम बढ़ने से दूसरी कतार में सफर ज्यादा आरामदायक होने की उम्मीद है। BMW भारत में इस SUV का प्रोडक्शन स्थानीय स्तर पर करेगी। इसका निर्माण कंपनी के चेन्नई प्लांट में किया जाएगा। इससे यह मॉडल भारत में ही तैयार होकर ग्राहकों तक पहुंचेगा।
डिजाइन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
लंबे व्हीलबेस के अलावा X1 LWB का बाकी डिजाइन और पैकेज स्टैंडर्ड X1 जैसा ही रहने की उम्मीद है। BMW पहले से ही इसका इलेक्ट्रिक वर्जन iX1 LWB भारत में बेचती है।
फीचर्स की बात करें तो नई X1 LWB में स्टैंडर्ड X1 वाले कई फीचर्स मिलने की संभावना है। इसमें बड़ा कर्व्ड डिस्प्ले, फ्लोटिंग सेंटर कंसोल, थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, वायरलेस चार्जर, ऑटो पार्क असिस्ट, Harman Kardon ऑडियो सिस्टम और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
BMW X1 LWB में कंपनी मौजूदा इंजन विकल्पों का इस्तेमाल कर सकती है। इसमें 1.5-लीटर, तीन-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो करीब 134 bhp की पावर और 230 Nm का टॉर्क पैदा करता है।इसके अलावा 2.0-लीटर, चार-सिलेंडर डीजल इंजन का विकल्प भी मिल सकता है। यह इंजन करीब 148 bhp की पावर और 360 Nm का टॉर्क देने में सक्षम है। दोनों इंजन के साथ 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है।
कीमत का खुलासा 21 अगस्त को होगा। ऐसे में अगर आप BMW X1 जैसी लग्जरी SUV में ज्यादा पीछे की जगह और बेहतर आराम चाहते हैं, तो X1 LWB आपके लिए एक अहम विकल्प बन सकती है।
