नई दिल्ली : इंडियन ऑटोमोबाइल मार्केट में बड़ा धमाका करने की तैयारी में चीन की दिग्गज वाहन निर्माता BYD अब अपनी पहली Hybrid SUV के साथ एंट्री लेने जा रही है। कंपनी ने 9 जून को इंडिया में एक बड़े लॉन्च इवेंट का ऐलान किया है, जहां कंपनी की अत्याधुनिक DM-i Super Plug-in Hybrid Technology से लैस SUV पहली बार इंडियन कस्टमर्स के सामने पेश की जाएगी। यह SUV एक बार फुल टैंक और चार्ज होने पर करीब 1000 किलोमीटर तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम हो सकती है, जो इसे भारतीय बाजार में मौजूद कई प्रतिद्वंद्वियों से अलग पहचान दिला सकती है।
अब तक इंडिया में BYD केवल Electric Vehicles बेचती रही है, लेकिन कंपनी की नई रणनीति साफ संकेत दे रही है कि वह Hybrid Segment में भी बड़ा दांव खेलने जा रही है। BYD का मानना है कि Plug-in Hybrid Vehicles उन ग्राहकों के लिए बेहतरीन विकल्प हैं, जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का अनुभव तो चाहते हैं, लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।
ऑटो सेक्टर में चर्चा है कि कंपनी BYD Atto 2 DM-i या फिर BYD Sealion 6 DM-i में से किसी एक मॉडल को भारत में पेश कर सकती है। दोनों SUVs को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। BYD Atto 2 DM-i को मिड-साइज SUV सेगमेंट में उतारा जा सकता है, जहां इसका मुकाबला Hyundai Creta और Kia Seltos जैसी लोकप्रिय SUVs से होगा। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी पैक का संयोजन मिलेगा। कंपनी का दावा है कि यह SUV करीब 998 किलोमीटर तक की संयुक्त रेंज देने में सक्षम हो सकती है।
BYD Sealion 6 DM-i ज्यादा बड़ी, दमदार और प्रीमियम SUV होगी। आकार के मामले में इसे Toyota Fortuner के समकक्ष माना जा रहा है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ एडवांस्ड Hybrid System दिया जाएगा। टॉप वेरिएंट में 344 bhp तक की ताकत और All-Wheel Drive सिस्टम मिलने की संभावना है। यह SUV 1092 किलोमीटर तक की संयुक्त रेंज और 140 किलोमीटर तक की Pure Electric Range देने में सक्षम है।
इंडिया में Plug-in Hybrid Segment अभी शुरुआती दौर में है और ग्राहकों के पास विकल्प भी बेहद सीमित हैं। ऐसे में BYD की यह एंट्री बाजार में नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर सकती है। लंबी रेंज, कम ईंधन खर्च, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण के प्रति बेहतर प्रतिबद्धता के दम पर BYD भारतीय ग्राहकों को एक नया विकल्प देने की तैयारी में है। अब सबकी निगाहें 9 जून पर टिकी हैं, जब कंपनी भारतीय ऑटो बाजार में हलचल मचाने जा रही है।
