HERO की E85 बाइक्स का जलवा! अब तक 10,000 बुकिंग

HERO की E85 बाइक्स का जलवा! अब तक 10,000 बुकिंग

• Splendor और HF Deluxe के E85 अवतार की बंपर डिमांड

ICE के साथ E85 और EV पर दांव

देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन कंपनियों में शामिल हीरो मोटोकॉर्प की E85 फ्लेक्स-फ्यूल बाइक को मार्केट में शानदार रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी से इन बाइक्स की खरीदारी के लिए 10 हजार से ज्यादा लोग पूछताछ कर चुके हैं, जबकि बुकिंग का आंकड़ा भी करीब 10 हजार पहुंच गया है। कंपनी ने जून में स्प्लेंडर और HF डीलक्स के E85 वर्जन लॉन्च किए थे।

हीरो मोटोकॉर्प के चीफ बिजनेस ऑफिसर (इंडिया बिजनेस यूनिट) आशुतोष वर्मा ने बताया कि शुरुआती प्रतिक्रिया से मास-मार्केट में फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिलों की संभावनाएं दिखाई देती हैं। हीरो मोटोकॉर्प का मानना है कि फ्लेक्स-फ्यूल बाइक आने वाले समय में उसके पेट्रोल इंजन यानी ICE पोर्टफोलियो की ग्रोथ का अहम हिस्सा बन सकती हैं। कंपनी अपनी क्षमता बढ़ाकर इन बाइकों का उत्पादन बढ़ाने की तैयारी कर रही है। हीरो हर साल करीब 45-50 लाख दोपहिया वाहन बेचती है। कंपनी का कहना है कि उसका बाजार में करीब एक-चौथाई हिस्सा है। ऐसे में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को बड़े पैमाने पर अपनाने की संभावना कंपनी के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।

हालांकि E85 बाइक की मांग बढ़ रही है, लेकिन इसके लिए जरूरी ईंधन की उपलब्धता अभी सीमित है। देश में चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ही E85 ईंधन उपलब्ध है। दिल्ली-NCR भी उन क्षेत्रों में शामिल है जहां इसकी उपलब्धता शुरू हुई है। हीरो के मुताबिक, फिलहाल स्थिति कुछ हद तक ‘पहले ईंधन आए या पहले बाइक’ जैसी है। कंपनी ने पहले E85 बाइक सड़क पर उतारने की रणनीति अपनाई है। उसका मानना है कि सड़कों पर ऐसी बाइकों की संख्या बढ़ने से E85 ईंधन की मांग बढ़ेगी और इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित होगा।

कंपनी ने कहा कि सरकार भी E85 उपलब्ध कराने वाले पेट्रोल पंपों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही है। इससे आने वाले समय में ग्राहकों के लिए ईंधन की उपलब्धता आसान हो सकती है।

हीरो मोटोकॉर्प का कहना है कि अगर E85 का पूरा इकोसिस्टम तैयार हो जाता है, तो ग्राहक ऐसी बाइक को भविष्य के लिहाज से उपयोगी विकल्प के तौर पर देख सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, इन वाहनों की रनिंग कॉस्ट और कुल स्वामित्व लागत कम हो सकती है। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि बाइक ज्यादा पावर देने में सक्षम है।

हीरो मोटोकॉर्प की रणनीति सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहनों तक सीमित नहीं है। कंपनी EV और फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को अपने ICE पोर्टफोलियो के साथ आगे बढ़ा रही है। कंपनी के मुताबिक, फिलहाल इलेक्ट्रिक स्कूटर ICE स्कूटर की बिक्री को पूरी तरह रिप्लेस नहीं कर रहे हैं, बल्कि पोर्टफोलियो में एक अतिरिक्त विकल्प के तौर पर जुड़ रहे हैं। हीरो मोटोकॉर्प को उम्मीद है कि 2031 तक इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री ICE स्कूटरों के बराबर पहुंच सकती है। कंपनी का कहना है कि वह ग्राहकों की मांग और ऑटो इंडस्ट्री में होने वाले बदलावों के अनुसार अपनी तकनीक, पोर्टफोलियो और उत्पादन क्षमता को बढ़ाती रहेगी।