न बिग फैक्ट्री, न करोड़ों का बजट! कश्मीर के टीचर ने बनाई सोलर ई-कार

न बिग फैक्ट्री, न करोड़ों का बजट!  कश्मीर के टीचर ने बनाई सोलर ई-कार

• ₹22 लाख खर्च कर पूरा किया सपना, अब दुनिया में धूम मचाने की तैयारी

• अखबार की एक खबर ने बदल दी जिंदगी, 15 साल की मेहनत से बनाई कार, सूरज की रोशनी से दौड़ेगी कार

• पेट्रोल, बिजली और सोलर का संगम, बिलाल ने तैयार की अपनी तरह की अनोखी कार अनोखा थ्री-व्हीलर

नौकरी के साथ 15 साल तक किया प्रयोग, अब दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी

कश्मीर की वादियों में एक गणित शिक्षक ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने ऑटोमोबाइल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। न उनके पास कोई बड़ी फैक्ट्री थी और न ही किसी बड़ी कंपनी का भारी-भरकम बजट। लेकिन मजबूत इरादे और कुछ नया करने के जुनून ने उन्हें अपनी इलेक्ट्रिक कार बनाने के मुकाम तक पहुंचा दिया। श्रीनगर के रहने वाले बिलाल अहमद मीर ने अपने घर के पिछवाड़े में छोटी-सी वर्कशॉप बनाकर सोलर ऊर्जा से चलने वाली कार तैयार कर दी। इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने अपनी जमा-पूंजी के करीब 20 से 22 लाख रुपये तक खर्च कर दिए।

बिलाल की इस अनोखी यात्रा की शुरुआत करीब 15 साल पहले हुई थी। एक दिन अखबार में उन्होंने पढ़ा कि भविष्य में जीवाश्म ईंधन की कमी हो सकती है। इससे पेट्रोल-डीजल महंगे होंगे और दुनिया को गंभीर ईंधन संकट का सामना करना पड़ सकता है। यह खबर उनके दिमाग में बैठ गई। उन्होंने सोचा कि आखिर क्यों न ऐसा वाहन बनाया जाए, जो सूर्य की रोशनी और बिजली से चल सके।

इसके बाद उन्होंने सोलर और हाइड्रोजन तकनीक पर रिसर्च शुरू कर दी। स्कूल में पढ़ाने के बाद वह रोजाना करीब तीन घंटे अपने प्रोजेक्ट पर काम करते थे। तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए उन्होंने रिसर्च पेपर और वैज्ञानिक जर्नल पढ़े।

बिलाल ने शुरुआत में पुरानी निसान माइक्रा कार को हाइड्रोजन से चलाने की कोशिश की। हालांकि, संसाधनों की कमी और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण उन्हें यह प्रयोग बीच में छोड़ना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और इलेक्ट्रिक तथा सोलर तकनीक पर काम शुरू कर दिया।

लगातार प्रयोगों के बाद 2022 में उनकी दूसरी कार तैयार हुई। इसका नाम ‘रे’ रखा गया। इसमें लगे सोलर पैनल करीब एक किलोवाट बिजली पैदा करने में सक्षम थे। जब बिलाल इस कार को लेकर श्रीनगर की सड़कों पर निकले तो लोग इसे देखकर हैरान रह गए। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी उनके काम की सराहना की और महिंद्रा रिसर्च वैली के इंजीनियरों से सहयोग की पेशकश की।

बिलाल ने अपने सहयोगी बिनिश गुलजार के साथ मिलकर SHE नाम से एक कॉम्पैक्ट थ्री-व्हीलर तैयार करने की दिशा में काम किया। इसमें सोलर ऊर्जा, बैटरी और पेट्रोल तीनों का इस्तेमाल करने की परिकल्पना है। सोलर पैनल बैटरी को चार्ज करने में मदद करेंगे, जबकि इलेक्ट्रिक सिस्टम वाहन को चलाएगा। जरूरत पड़ने पर पेट्रोल भी अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत के रूप में काम करेगा। इस वाहन में बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। इसमें इलेक्ट्रिक तरीके से एडजस्ट होने वाली और अलग की जा सकने वाली सीट का विकल्प दिया गया है।

अब दुनिया तक पहुंचाने का सपना

बिलाल का अगला लक्ष्य इस तकनीक को प्रोटोटाइप से आगे ले जाकर व्यावसायिक वाहन के रूप में विकसित करना है। इसके लिए उन्हें निवेश, निर्माण, सुरक्षा परीक्षण और सरकारी प्रमाणन जैसी चुनौतियों से पार पाना होगा। वह ब्रिटेन समेत अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी तकनीक पहुंचाना चाहते हैं। उनकी कहानी साबित करती है कि बड़ा आविष्कार करने के लिए हमेशा बड़ी फैक्ट्री जरूरी नहीं होती। कभी-कभी एक छोटा-सा विचार और उसे पूरा करने का जुनून भी दुनिया का ध्यान खींच सकता है।