नई दिल्ली। स्मार्टवॉच और वियरेबल्स के लिए मशहूर Fire-Boltt ने अब इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में कदम रख दिया है। कंपनी ने मंगलवार को अपने नए Made in India स्मार्टफोन ब्रांड ‘boltt’ की घोषणा की। यह स्मार्टफोन Flipkart समेत अन्य बिक्री चैनलों पर उपलब्ध होगा। कंपनी का लक्ष्य देशभर में 10 लाख (1 मिलियन) स्मार्टफोन बेचने का है।
Fire-Boltt का कहना है कि उसके पास पहले से 4 करोड़ से अधिक यूजर्स का बड़ा नेटवर्क है। इसी अनुभव और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कंपनी अब स्मार्टफोन कारोबार में उतर रही है। कंपनी के मुताबिक, boltt ब्रांड के तहत Evo और Ace सीरीज में किफायती 4G और 5G स्मार्टफोन लॉन्च किए जाएंगे। इन फोन को खास तौर पर इंडियन कस्टमर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। कंपनी का दावा है कि इन स्मार्टफोन्स में भरोसेमंद परफॉर्मेंस, नए फीचर्स और बेहतर वैल्यू मिलेगी।
boltt के संस्थापक और सीईओ अर्नव किशोर ने कहा कि Fire-Boltt को देशभर के लाखों ग्राहकों का भरोसा मिला है और अब कंपनी उसी भरोसे को स्मार्टफोन बाजार तक ले जाना चाहती है। उनका कहना है कि भारत में एक ऐसे घरेलू स्मार्टफोन ब्रांड की जरूरत है, जो भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को सही मायने में समझे। वहीं, Flipkart के सीनियर डायरेक्टर मुकुंद केडिया ने कहा कि Flipkart की मजबूत पहुंच और वितरण नेटवर्क के जरिए देश के महानगरों से लेकर टियर-2 और टियर-3 शहरों तक ग्राहकों को किफायती और बेहतर स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनी ने बताया कि boltt स्मार्टफोन से जुड़ी कीमत, फीचर्स और लॉन्च डेट जैसी बाकी जानकारियां आने वाले हफ्तों में जारी की जाएंगी।
वियरेबल्स के बाद अब स्मार्टफोन सेगमेंट में उतरा Fire-Boltt, Flipkart पर मिलेगा नया ‘boltt’
